बागपत के ककोर कलां में आयोजित हुआ ‘घुमंतू गौरव समागम’, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने की शिरकत
हमारे पुरखों ने जीवन पर्यंत आक्रांताओं और अंग्रेजों से लोहा लिया : असीम अरुण
घुमंतू विकास बोर्ड के गठन की स्वीकृति पर समाज ने जताया आभार, अब घुमंतू विकास मिशन शुरू करने की घोषणा
भूमिहीन विमुक्त एवं घुमंतू परिवारों को मिलेगा आवासीय अधिकार, पीएम आवास व मुख्यमंत्री आवास योजना से मिलेंगे पक्के मकान
बागपत, 26 अक्टूबर 2026— जनपद बागपत के ककोर कलां गांव में ‘घुमंतू गौरव समागम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने सहभागिता की। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय द्वारा किया गया। इस अवसर पर विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू समुदाय के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षिक उत्थान, सम्मान और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि घुमंतू समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। हमारे पुरखों ने जीवन पर्यंत आक्रांताओं और अंग्रेजों के दमन के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू समुदाय को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार से जुड़ी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।
किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ‘घुमंतू विकास बोर्ड’ के गठन की स्वीकृति के बाद अब ‘घुमंतू विकास मिशन’ शुरू किया जाएगा। इस मिशन के माध्यम से समाज के लोगों को आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज बनवाने में सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
माननीय मंत्री ने कहा कि भूमिहीन विमुक्त एवं घुमंतू परिवारों को भूमि आवंटन और पट्टा वितरण के माध्यम से आवासीय अधिकार दिलाने के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (CMAY) के अंतर्गत पात्र परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य इन समुदायों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करते हुए विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा कि विमुक्त एवं घुमंतू समुदाय को समाज की मुख्यधारा में लाना प्राथमिकता है। बिजली, शुद्ध पेयजल, शौचालय और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से आच्छादित कर इन परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इन सुविधाओं से बच्चों की शिक्षा, महिलाओं की सुरक्षा और परिवारों के लिए स्थायी आजीविका के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, गन्ना, सहकारिता, महिला कल्याण, आय एवं जाति प्रमाण पत्र तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से उपस्थित लोगों को विभागीय योजनाओं, पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी एवं उनका लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देवेंद्र कुमार पांडेय, परियोजना निदेशक राहुल वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी नीलम सिंह चौहान जिला कार्यक्रम अधिकारी नागेंद्र मिश्रा ,जिला गन्ना अधिकारी अशर्फीलाल,सहित राजस्थान से आए गफरुद्दीन, दीपक बढ़ेरा, सुधीर मानव, कपिल शर्मा, अशोक कुमार, संदीप, श्रीपाल, परमिंदर तोमर, जितेंद्र धामा, विपिन राणा, गोपाल अग्रवाल, विनय बरेलिया, डॉ. शराफत जोगी, बाबू राम, भोपाल प्रधान एवं बहन चंचल बंजारा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सूचना विभाग, बागपत