विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन को अंतिम रूप देने के निर्देश
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदेय स्थलों के संभाजन, निर्वाचक नामावलियों के आलेख्य प्रकाशन, दावे-आपत्तियों एवं बीएलए नियुक्ति पर हुई चर्चा
बागपत 26 अक्टूबर 2026—जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत मतदेय स्थलों के संभाजन, मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, निर्वाचक नामावलियों के आलेख्य प्रकाशन, दावे एवं आपत्तियों, अंतिम प्रकाशन तथा बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन निर्धारित मानकों के अनुरूप कराते हुए आवश्यक कार्यवाही को अंतिम रूप दिया जाए। मतदेय स्थलों की स्थिति, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं मतदाताओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए संभाजन संबंधी कार्यवाही समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी सभी कार्य भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता एवं निर्धारित समयसीमा के अंतर्गत संपन्न कराए जाएं।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित विभिन्न गतिविधियों एवं तिथियों की जानकारी दी गई। साथ ही निर्वाचक नामावलियों को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने, पात्र मतदाताओं के नाम सम्मिलित कराने तथा अपात्र प्रविष्टियों एवं त्रुटियों के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदेय स्थलों के संभाजन एवं भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया में आवश्यक समन्वय बनाए रखें तथा निर्धारित समयसीमा में सभी कार्यवाही पूर्ण कराई जाए, जिससे आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियां सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सकें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी /उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव कुमार राय एसडीएम बागपत दिग्विजय सिंह, एसडीएम खेकड़ा सुरभि शर्मा, एसडीएम बड़ौत बीके सिंह भाजपा जिला मंत्री सुंदर धामा, बसपा जिला अध्यक्ष विक्रम भाटी, सपा से राशिद तस्लीम, कांग्रेस से अरशद सहित आदि उपस्थित रहे।
सूचना विभाग बागपत