यूथ चैंपियन अमन को प्रदेश स्तरीय यूथ फॉर विकसित भारत पुरस्कार
75 जनपदों में लहराया बागपत का परचम, भारत सरकार के विकसित भारत @2047 विजन में अग्रणी योगदान दे रहे युवा अमन

काशी में केंद्रीय युवा मंत्रालय के अधिकारियों ने सराहा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कर चुके हैं सम्मानित
बागपत दिनांक 13 अक्टूबर 2026 — भारत सरकार के विकसित भारत @2047 विजन को माय भारत संग जुड़कर साकार कर रहे यूथ चैंपियन अमन कुमार को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा यूथ फॉर विकसित भारत राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आयोजित माय भारत यूथ कन्वेंशन में 75 जनपदों के हजारों युवाओं के बीच टॉप माय भारत स्वयंसेवकों में पश्चिमी यूपी के बागपत जनपद निवासी अमन कुमार के नाम की जैसे ही घोषणा हुई, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कभी अखबार बेचने की मजबूरी से शुरुआत करने वाले अमन आज देश के लाखों युवाओं के आगे बढ़ने की राह आसान कर रहे हैं।
माय भारत मुख्यालय से संयुक्त निदेशक मोहन सिंह शाही और उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक गोपेश पांडेय ने अमन को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। पुरस्कार प्रदान करते हुए मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंच से अमन के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अमन जिस समर्पण, दूरदर्शिता और लीडरशिप के साथ समर्थ युवा, सशक्त भारत और विकसित भारत @2047 के राष्ट्रीय अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं, वह उत्तर प्रदेश के समस्त नौजवानों के लिए एक मिसाल है।
बागपत जनपद के ट्योढ़ी गांव निवासी अमन कुमार का मानना है कि गांव-समाज में प्रतिभा की कोई कमी नहीं लेकिन जानकारी, अवसर और विश्वास के अभाव में युवा पीछे रह जाते हैं। इसी सोच के साथ अमन कोई युवा पीछे न छूटे मिशन में जुटे हैं। वर्तमान में वह माय भारत से संबद्ध उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष हैं। उन्होंने दूर-दराज के गांवों तक सूचना की क्रांति पहुंचाने के लिए प्रोजेक्ट कॉन्टेस्ट 360 की नींव रखी, जिसके माध्यम से आज देशभर के लाखों ग्रामीण युवाओं तक प्रतियोगिताओं, छात्रवृत्तियों, प्रशिक्षण और करियर के अवसरों की सीधी जानकारी पहुंच रही है। वहीं बागपत प्रशासन संग मिलकर विभिन्न अभियानों एवं ई-गवर्नेंस नवाचारों में अग्रणी योगदान देकर अपनी छाप छोड़ी।
अभावों से निकलकर कड़े संघर्षों के बीच राष्ट्र निर्माण में जुटे अमन के कार्यों को यूनिसेफ, यूनेस्को और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी के मंचों पर भी अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल चुकी है और आज वे देश के टॉप यूथ चैंपियन में गिने जाते हैं। अमन को इससे पूर्व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भी राज्य के सर्वोच्च युवा पुरस्कार स्वामी विवेकानंद यूथ अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
काशी में सम्मान प्राप्त करने के बाद अमन ने कहा कि माय भारत प्लेटफॉर्म से जुड़कर गांव समाज के युवाओं को आगे बढ़ने का आत्मविश्वास और मंच मिल रहा है। वर्ष 2026 को संयुक्त राष्ट्र की ओर से सतत विकास के लिए स्वयंसेवकों के अंतरराष्ट्रीय वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। अमन ने प्रदेश भर के युवाओं से माय भारत प्लेटफॉर्म से जुड़कर अपने कौशल को निखारने और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी योगदान देने का आह्वान किया।
सूचना विभाग बागपत