खेकड़ा में हुए अग्नि हादसे का जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने तत्काल लिया संज्ञान, मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का किया निरीक्षण संबंधित अधिकारियों को जांच करने के दिये निर्देश
खेकड़ा में दुकान में आग लगने से मां -बेटी की मौत
बागपत, 08 अक्टूबर 2026—- जनपद बागपत के खेकड़ा क्षेत्र में दुकान में आग लगने की घटना का जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने तत्काल संज्ञान लिया। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।
अग्निकांड में स्वाति जैन एवं छह वर्षीय अनन्या जैन की दुखद मृत्यु हो गई, जबकि अंकुर जैन गंभीर रूप से झुलस गए। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर किया गया है।जिलाधिकारी ने हादसे में मां बेटी की हुई दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है गंभीर रूप से घायल अंकुर जैन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके बेहतर उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद एसडीएम खेकड़ा, एडीएम सहित संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों को पूरी तत्परता से संचालित करने तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अग्निकांड के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं। संबंधित विभागों की टीमें मौके पर जांच कर रही हैं। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका व्यक्त की जा रही है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी ।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घटना की जांच पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ की जाए तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन द्वारा घटना पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक राहत एवं सहायता कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं।
सूचना विभाग बागपत