माय भारत ने आयोजित किया विकसित भारत युवा संवाद, युवाओं ने लिया जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प
2047 में भारत होगा 100 साल का, तब देश की कमान संभालेंगे आज के ये युवा: यूथ आइकॉन अमन कुमार
संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ के साथ युवाओं ने लिया जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प
सुभाष चंद कश्यप · पूर्व सैनिक, समाजसेवी व संपादक · ✊ 16 जन आंदोलनजीवन यात्रा देखें →
बागपत, 25 नवंबर 2026— वर्ष 2047 में जब भारत अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब आज के युवा देश की कमान संभाल रहे होंगे। विकसित भारत का सपना सरकारी योजनाओं से ही नहीं, बल्कि युवाओं की शिक्षा, कौशल, उद्यमिता, नवाचार और जिम्मेदार नागरिकता से साकार होगा। इसी संदेश के साथ युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की इकाई माय भारत केंद्र बागपत की ओर से दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज, बड़ौत में संविधान दिवस एवं नशामुक्ति थीम पर विकसित भारत युवा संवाद आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार से नामित यूथ आइकॉन एवं राज्य युवा पुरस्कार विजेता अमन कुमार ने रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, महिला सशक्तीकरण, डिजिटल तकनीक, सामाजिक सुरक्षा और विकसित भारत-2047 के लक्ष्यों पर युवाओं से संवाद किया। वहीं अर्जुन अवॉर्डी पहलवान शौकेंद्र तोमर ने खेल, अनुशासन और नशामुक्त जीवन का संदेश दिया। युवाओं ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछकर संवाद में भाग लिया। जिला युवा अधिकारी अनिकेत शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को देश की विकास यात्रा से जोड़ना और उन्हें सामाजिक बदलाव का सक्रिय भागीदार बनाना है।
यूथ आइकॉन एवं राज्य युवा पुरस्कार विजेता अमन कुमार ने बताया कि आज 18 वर्ष का युवा वर्ष 2047 में 39 वर्ष का होगा और उस समय वह अपने करियर, परिवार, व्यवसाय तथा देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा होगा। उन्होंने युवाओं को अपनी शिक्षा, कौशल, नवाचार और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से नए अवसर पैदा करने के लिए प्रेरित किया गया। अमन कुमार ने विकसित भारत की परिकल्पना को पंच प्रण के माध्यम से समझाया। इनमें विकसित भारत का निर्माण, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, अपनी विरासत पर गर्व, देश की विविधता में एकता और नागरिक कर्तव्यों का पालन शामिल है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा, कानून का सम्मान, दूसरों के अधिकारों का ध्यान और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना भी राष्ट्र निर्माण का हिस्सा है। उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंचों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए जिसको लेकर युवाओं ने खूब सवाल-जवाब कर कार्यक्रम को सफल बनाया। वहीं युवाओं को माय भारत, माय गवर्नमेंट, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट आदि युवा संगठनों से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका के लिए प्रेरित किया।
अर्जुन अवॉर्डी पहलवान एवं स्पोर्ट्स आइकॉन शौकेंद्र तोमर ने अपने खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को मेहनत, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का महत्व समझाया। उन्होंने नशे से दूर रहने और खेलों को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, मजबूत मन, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवनशैली का आधार हैं। युवाओं से अपनी ऊर्जा को नशे जैसी गलत आदतों के बजाय खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया गया।
राष्ट्रीय नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 की जानकारी दी गई। इस दौरान नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान पर विशेष वीडियो का प्रसारण भी किया गया। जिला युवा अधिकारी अनिकेत शर्मा ने युवाओं को माय भारत पोर्टल की जानकारी देते हुए इससे जुड़ने का आह्वान किया। संविधान दिवस के अवसर पर डॉ. भरत ने भारतीय संविधान की मूल भावना, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी। इसके बाद माय भारत स्वयंसेवक अदिति और जाह्नवी ने संविधान आधारित प्रश्नोत्तरी आयोजित की, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को भारतीय संविधान की प्रति भेंट की गई। कार्यक्रम के दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ भी हुआ, जिसमें युवाओं और अतिथियों ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के संवैधानिक आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में महाविद्यालय की ओर से डॉ. संजय और डॉ. गीता सहित माय भारत के युवा स्वयंसेवक सुषमा, शिवम, कार्तिक, प्रिया और शादाब आदि का सहयोग रहा।
सूचना विभाग बागपत

