*विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में ले भाग, पीएम मोदी से संवाद का मिलेगा मौका*
*15-29 आयु के युवा ले सकेंगे हिस्सा, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक मिलेगी पहचान, 30 सितंबर अंतिम तिथि*
*बागपत ने राष्ट्रीय मंच पर किया था 75 जनपदों का नेतृत्व, अब नए युवाओं के लिए अवसर*
बागपत दिनांक 20 सितंबर 2026 — गांव और कस्बों के युवाओं के आइडिया अब जिले की सीमाओं से आगे राष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकते हैं। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की इकाई माय भारत केंद्र बागपत की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 की प्रक्रिया संचालित है। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा विकसित भारत से जुड़े अपने विचार और नवाचार सामने रख सकेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत विकसित भारत क्विज से होगी, जिसमें 30 सितंबर तक ऑनलाइन पोर्टल tinyurl.com/ViksitBharatQuiz पर प्रतिभाग किया जा सकता है।
जिला युवा अधिकारी अनिकेत शर्मा ने बताया कि क्विज में भाग लेने के लिए माय भारत पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण किया जा सकता है। क्विज के बाद देशभर से चयनित चार लाख युवा 500 शब्दों का ऑनलाइन निबंध लिखेंगे। निबंध के आधार पर जिला स्तर पर 50 युवाओं का चयन होगा। इनमें से दो प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर की प्रक्रिया के बाद टीम उत्तर प्रदेश का गठन होगा, जो राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी।
राष्ट्रीय स्तर पर 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में कार्यक्रम प्रस्तावित है। विभिन्न विषयों पर चयनित युवा विषय विशेषज्ञों, मंत्रालयों के सचिवों और केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। चयनित उत्कृष्ट विचारों और प्रस्तुतियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष रखने का अवसर भी मिलेगा। जिले में 20 हजार युवाओं को माय भारत से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए स्वयंसेवकों द्वारा स्कूल, कालेज और ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कला, संस्कृति और नवाचार में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए सांस्कृतिक ट्रैक और इनोवेट फॉर भारत जैसी गतिविधियों में भी प्रतिभाग का अवसर रहेगा।
*बागपत ने किया था 75 जनपदों के युवाओं का राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व*
पिछले वर्ष विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में बागपत से युवा अमन कुमार को भारत सरकार द्वारा टीम यूपी का ग्रुप कैप्टन चुना गया था। अमन ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं राज्यपाल के समक्ष टीम यूपी का नेतृत्व कर राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाया था। वहीं केंद्रीय बजट में भी उनके विचारों और सुझावों का योगदान रहा था। यूथ आइकॉन अमन कुमार ने कहा कि इस बार बागपत के नए युवाओं के लिए मौका है कि वह इस कार्यक्रम से जुड़कर अपने आइडिया और प्रतिभा को राष्ट्रीय पहचान दिलाए।