जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल के निर्देशन में जनगणना-2027 को लेकर जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान, स्व-गणना के प्रति नागरिक दिखा रहे रुचि
कलेक्ट्रेट सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जनगणना-पोर्टल जागरूकता पोस्टर, स्कूलों में विद्यार्थियों को स्व-गणना की प्रक्रिया समझाकर किया जागरूक
बागपत, 16 नवंबर 2026–
जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल के निर्देशन में जनगणना-2027 के सफल संचालन एवं जनसामान्य की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर सहित जनपद के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर जनगणना कार्य में लगे सुपरवाइजर एवं प्रगणकों द्वारा जागरूकता पोस्टर लगाकर नागरिकों को जनगणना एवं स्व-गणना के संबंध में जानकारी दी जा रही है।
इसके साथ ही जनपद के विभिन्न विद्यालयों में भी विद्यार्थियों को जनगणना-2027 के महत्व एवं स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है। विद्यार्थियों को समझाया जा रहा है कि किस प्रकार मोबाइल अथवा कंप्यूटर के माध्यम से आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने परिवार की जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज की जा सकती है। विद्यार्थियों से यह भी अपेक्षा की जा रही है कि वे अपने अभिभावकों एवं परिवार के अन्य सदस्यों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करें, जिससे अधिक से अधिक परिवार इस प्रक्रिया में भागीदारी कर सकें।
सुभाष चंद कश्यप · पूर्व सैनिक, समाजसेवी व संपादक · ✊ 14 जन आंदोलनजीवन यात्रा देखें →
अभियान के माध्यम से नागरिकों को अवगत कराया जा रहा है कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा उपलब्ध है। इसके अंतर्गत नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना के प्रति नागरिकों में रुचि देखने को मिल रही है तथा लोग इसकी प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
नागरिकों को यह भी बताया जा रहा है कि 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान सभी नागरिक प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य में सहयोग प्रदान करें।
जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि जनपद में व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए आमजन को स्व-गणना के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि जनगणना-2027 में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
जनगणना देश के विकास की योजनाओं के निर्माण, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनकल्याणकारी नीतियों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी राजीव कुमार राय व सुपरवाइजर गुंजन ,प्रगरणक सीमा चौहान सहित आदि उपस्थि रहे।
सूचना विभाग बागपत
