गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद में रोवर्स-रेंजर्स लीडर्स का बिगनर्स कोर्स सम्पन्न
देश की आंतरिक एवं बाह्य सुरक्षा हेतु रोवर्स एवं रेंजर्स के शिक्षण-प्रशिक्षण की आवश्यकता पर बल
नोडल अधिकारी – रोवर्स एवं रेंजर्स द्वारा शिविर में योगदान करने वाले एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त
सुभाष चंद कश्यप · पूर्व सैनिक, समाजसेवी व संपादक · ✊ 14 जन आंदोलनजीवन यात्रा देखें →

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद द्वारा प्रादेशिक मुख्यालय, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, उत्तर प्रदेश के निर्देशन एवं सहयोग से तथा माननीय प्रादेशिक मुख्यायुक्त डॉ. प्रभात कुमार जी (से.नि. आई.ए.एस.) के निर्देश के क्रम में दिनांक 17 नवंबर 2026 को राजकीय महाविद्यालय, (मथाना) कांठ, मुरादाबाद में रोवर्स और रेंजर्स प्रभारियों का एक दिवसीय ‘बिगिनर्स कोर्स’ का सफल आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के रोवर लीडर्स एवं रेंजर लीडर्स को स्काउटिंग और गाइडिंग आंदोलन के मूलभूत सिद्धांतों, मूल्यों, चरित्र निर्माण, अनुशासन, सेवा और समुदाय-केंद्रित गतिविधियों से परिचित कराना था। साथ ही देश की आंतरिक एवं बाह्य सुरक्षा में रोवर्स-रेंजर्स की भूमिका को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने हेतु उनके शिक्षण-प्रशिक्षण में किए जाने वाले बदलावों एवं प्रभावी योजना पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
शिविर में विश्वविद्यालय जिला संस्था के कुल 58 पदाधिकारियों, रोवर लीडर्स, रेंजर लीडर्स एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन माननीय कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी जी, गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद, श्री मयंक शर्मा जी, संयुक्त प्रादेशिक संगठन कमिश्नर, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, उत्तर प्रदेश एवं श्री बृजेश कुमार जी, सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त, मुरादाबाद एवं मेरठ मण्डल द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला मुख्यायुक्त प्रो. प्रीति खन्ना जी द्वारा कुलपति महोदय का बुके देकर स्वागत किया गया। विश्वविद्यालय के रोवर्स/रेंजर्स के नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार द्वारा कुलपति महोदय को स्कार्फ पहनाया गया तथा डॉ. संदीप कुमार गुप्ता जी एवं प्रो. परमिल कुमार जी द्वारा शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।
अपने उद्बोधन में माननीय कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी जी ने प्रतिभागियों को सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के उत्प्रेरक के रूप में टीम में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रेखांकित किया कि विश्वविद्यालय सामाजिक रूप से जिम्मेदार नागरिकों को तैयार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, और रोवर्स व रेंजर्स जैसे पाठ्यक्रम छात्रों को प्रभावी ढंग से समाज की सेवा करने के लिए एक व्यावहारिक मंच प्रदान करते हैं।
माननीय कुलपति महोदय ने कहा कि “रोवरिंग और रेंजरिंग, भारत स्काउट एवं गाइड आंदोलन की सबसे परिपक्व और सबसे महत्त्वपूर्ण अवस्था है। जब स्काउट 17 वर्ष का हो जाता है, तो वह रोवर बन जाता है और जब गाइड 17 वर्ष की हो जाती है, तो वह रेंजर बन जाती है। यह 17 से 25 वर्ष की आयु, जीवन की सबसे नाजुक और सबसे निर्णायक आयु होती है। इसी आयु में युवा या तो भटक जाता है या फिर देश का निर्माता बन जाता है। रोवरिंग-रेंजरिंग इस आयु के युवाओं को सही दिशा देती है।”
उन्होंने कहा कि स्काउटिंग एवं गाइडिंग की गतिविधियां प्रतिभागियों के चरित्र निर्माण की पाठशाला हैं। रोवर-रेंजर का जीवन अनुशासन, ईमानदारी, सेवा और देशभक्ति पर आधारित होता है। स्काउट प्रतिज्ञा और नियम – विश्वसनीयता, वफादारी, मित्रता, विनम्रता, प्रकृति प्रेम, आज्ञाकारिता, प्रसन्नता, मितव्ययिता और शुद्धता – ये सभी गुण रोवरिंग में व्यावहारिक रूप से सिखाए जाते हैं। जो युवा इन गुणों को जीवन में उतार लेता है, वह कभी अपराध, नशा और भ्रष्टाचार की ओर नहीं जाता।
उन्होंने कहा कि स्काउटिंग-गाइडिंग कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थी अपने नेतृत्व संबंधी गुणों का विकास करता है। रोवर-रेंजर शिविर में स्वयं तंबू लगाता है, स्वयं खाना बनाता है, स्वयं टीम का नेतृत्व करता है। वह छोटे स्काउट्स को प्रशिक्षण देता है। इससे उसमें नेतृत्व, निर्णय लेने की क्षमता, समस्या समाधान और टीम भावना विकसित होती है। यही युवा कल कॉलेज, समाज और देश का नेतृत्व करते हैं।
रोवरिंग के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए माननीय कुलपति जी ने कहा कि रोवरिंग का मूल मंत्र सेवा है। रोवर-रेंजर रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, पोलियो अभियान, वृक्षारोपण, गंगा सफाई, नशा मुक्ति अभियान में सबसे आगे रहते हैं। कोरोना महामारी में रोवर्स-रेंजर्स ने मास्क, खाना, ऑक्सीजन बांटकर यह सिद्ध कर दिया कि वे समाज के सच्चे सेवक हैं।
देश की आंतरिक सुरक्षा पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि रोवर्स एवं रेंजर्स देश की आंतरिक सुरक्षा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं, बस उन्हें सही दिशा देने की आवश्यकता है। यह दायित्व रोवर लीडर्स एवं रेंजर लीडर्स का है कि वे समाज के बीच में सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका का निर्वहन करें। रोवर-रेंजर सांप्रदायिक सौहार्द, अफवाह पर रोक, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा का संदेश गाँव-गाँव तक पहुँचाते हैं। वे संदिग्ध वस्तु की सूचना पुलिस को देते हैं, दंगे के समय शांति बनाए रखते हैं। इस प्रकार वे देश की आंतरिक सुरक्षा की दूसरी पंक्ति बन जाते हैं।
बाह्य सुरक्षा और देशभक्ति पर उन्होंने कहा कि स्काउटिंग-गाइडिंग राष्ट्रीय चरित्र के विकास की महत्त्वपूर्ण शिक्षण पद्धति है। रोवरिंग में तिरंगा, राष्ट्रगान, शहीदों की कहानियां, सेना की कार्यप्रणाली सिखाई जाती है। इससे युवाओं में देशभक्ति जागती है। विभिन्न सैन्य बलों में सबसे अधिक युवा स्काउट-गाइड से ही जाते हैं, क्योंकि उन्हें पहले से अनुशासन और फिटनेस का प्रशिक्षण मिला होता है।
अंत में उन्होंने कहा -“रोवरिंग-रेंजरिंग केवल एक गतिविधि नहीं है, यह जीवन जीने की कला है। यह युवा को अच्छा नागरिक, अच्छा बेटा-बेटी, अच्छा नेता और सच्चा देशभक्त बनाती है। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद के महाविद्यालयों में रोवरिंग-रेंजरिंग को मजबूत करना ही मुरादाबाद मंडल के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है। इसलिए हर महाविद्यालय में रोवर-रेंजर इकाई अनिवार्य हो, हर युवा रोवर-रेंजर बने, यही हमारा संकल्प होना चाहिए। ‘तैयार रहो – सदा तैयार रहो’ की प्रेरणा के साथ आगे बढ़ते रहो।”
विश्वविद्यालय जिला संस्था, गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद की मुख्य आयुक्त प्रो. प्रीति खन्ना जी द्वारा भी बिगनर्स कोर्स के प्रतिभागियों को संबोधित किया गया।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन में रोवर्स एवं रेंजर्स की भूमिका सबसे अग्रणी है। बाढ़, भूकंप, आग, महामारी के समय सबसे पहले रोवर-रेंजर ही पहुँचते हैं। उन्हें प्राथमिक चिकित्सा, CPR, लोगों को बचाना, राहत सामग्री बांटना सिखाया जाता है। यही प्रशिक्षण उन्हें ‘आपदा मित्र’ बनाता है।
उन्होंने महिला सशक्तिकरण में रोवर्स एवं रेंजर्स की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रेंजरिंग बेटियों को साहसी, आत्मनिर्भर और आत्मरक्षक बनाती है। रेंजर बेटी कराटे, आत्मरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता सीखती है। वह गाँव में जाकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश देती है। एक रेंजर बेटी दो परिवारों का भविष्य सुधारती है।
कार्यक्रम को मुख्यालय आयुक्त प्रो. प्रवीण कुमार द्वारा भी संबोधित किया गया। उन्होंने कहा कि रोवर्स एवं रेंजर्स पर्यावरण की रक्षा के लिए भी महत्त्वपूर्ण योगदान करते हैं। गुरु जंभेश्वर महाराज का संदेश – ‘पेड़ लगाओ, जीवों की रक्षा करो’ – रोवरिंग में जीवंत होता है। रोवर-रेंजर हर साल लाखों पेड़ लगाते हैं, प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाते हैं, जल संरक्षण करते हैं।
शिविरार्थियों को साहू जैन कॉलेज, नजीबाबाद के प्रोफेसर परमिल कुमार ने भी संबोधित किया । उन्होंने चरित्र निर्माण और राष्ट्र विकास में युवा-नेतृत्व वाली सेवा की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रोवर-रेंजर केवल एक वर्दी नहीं है, यह एक संस्कार है।
डॉ. संदीप गुप्ता जी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्काउटिंग एवं गाइडिंग गतिविधियों के माध्यम से रोजगार सृजन और व्यक्तित्व विकास के गुण विकसित होते हैं। रोवरिंग से युवाओं में आत्मविश्वास, भाषण कला, संवाद कला, समय प्रबंधन विकसित होता है। स्काउट प्रमाण पत्र से सेना, पुलिस और नौकरियों में वेटेज मिलता है।
उद्घाटन सत्र के बाद, विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा विशेष तकनीकी प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। शिविर में प्रतिभाग कर रहे रोवर एवं रेंजर लीडर्स को स्काउटिंग एवं गाइडिंग संबंधी शिक्षण-प्रशिक्षण भारत स्काउट और गाइड, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा नामित अधिकारियों द्वारा प्रदान किया गया –
- श्री मयंक शर्मा जी – संयुक्त प्रादेशिक संगठन कमिश्नर
- श्री बृजेश कुमार जी – सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त, मुरादाबाद एवं मेरठ मण्डल
- श्री अजय कुमार जी – जिला संगठन आयुक्त (स्काउट), अमरोहा
- श्री अजीत कुमार जी- ट्रेनर, ट्रेनिंग काउंसलर, जनपद-संभल
इन प्रशिक्षकों ने स्काउट प्रतिज्ञा, नियम, प्रार्थना, ध्वज शिष्टाचार, प्राथमिक चिकित्सा, शिविर संचालन, आपदा प्रबंधन, नेतृत्व कला एवं रोवर-रेंजर इकाई गठन की व्यावहारिक जानकारी दी।
बिगिनर्स कोर्स को सम्पन्न कराने में श्री मयंक शर्मा जी, श्री बृजेश कुमार जी तथा नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार जी ने महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा की।
बिगनर्स कोर्स प्रशिक्षण शिविर को सफल बनाने में निम्नलिखित का विशिष्ट योगदान रहा –
- डॉ. नजाकत हुसैन – प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय, मथाना, कांठ
- श्री सिद्धार्थ चौहान- एम. एच. कॉलेज, मुरादाबाद
- डॉ. प्रवीण कुमार – एस. एम. कॉलेज, चन्दौसी
- डॉ. परमिल कुमार- साहू जैन कॉलेज, नजीबाबाद
- डॉ. एकता भाटिया – जी. डी. एच. कॉलेज, मुरादाबाद
- डॉ. टीना अग्रवाल- वर्धमान कॉलेज, बिजनौर
- डॉ. संदीप गुप्ता- राजकीय महाविद्यालय, मथाना, कांठ
- डॉ. भावना वत्सल- आर. एस. एम. कॉलेज, धामपुर
- डॉ. मनोरमा चौहान- राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामपुर
- डॉ. सुरभि यादव- एस. एम. कॉलेज, चन्दौसी
- डॉ. अदिति संधू – एस. बी. डी. कॉलेज, धामपुर
- डॉ. गीता शर्मा- एस. एम. कॉलेज, चन्दौसी
- श्रीमती श्वेता गुप्ता एवं श्री आकाश गुप्ता आदि ने विशेष योगदान एवं सहयोग किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन राजकीय महाविद्यालय मथाना, कांठ की प्रो. / डॉ. नौमी प्रिया जी द्वारा किया गया।
शिविर का संयोजन, संचालन एवं समन्वय विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी – रोवर्स एवं रेंजर्स डॉ. प्रवीण कुमार, एस. एम. कॉलेज, चन्दौसी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का समापन जिला मुख्यायुक्त प्रो. प्रीति खन्ना जी द्वारा औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन दिया।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार जी ने शिविर में योगदान करने वाले सभी अधिकारियों, प्रशिक्षकों, प्राचार्यों, रोवर लीडर्स, रेंजर लीडर्स एवं सभी प्रतिभागियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से माननीय कुलपति महोदय, प्रादेशिक मुख्यालय, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, उत्तर प्रदेश, राजकीय महाविद्यालय मथाना के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह बिगिनर्स कोर्स केवल एक प्रशिक्षण नहीं था, यह गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में रोवरिंग-रेंजरिंग को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। आने वाले दिनों में इसी प्रकार के प्रशिक्षण शिविर, रैली एवं सेवा कार्य निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में स्वयंसेवकों, संकाय सदस्यों और विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
