ब्रेकिंग – दिल्ली-NCR और उत्तराखंड में भूकंप के झटके
नई दिल्ली: दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में मंगलवार देर रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रात करीब 10:23 बजे अचानक धरती हिलने से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम समेत कई इलाकों में लोग सहम गए और घरों से बाहर निकल आए।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.9 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र उत्तराखंड के चमोली में था और इसकी गहराई जमीन से करीब 13 किलोमीटर नीचे रही। NCS के रिकॉर्ड में समय 10:23:13 PM दर्ज किया गया है।
भूकंप के झटके दिल्ली-NCR के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के कई हिस्सों में भी महसूस किए गए। ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों ने ज्यादा कंपन महसूस किया।
उत्तराखंड के चमोली, उत्तरकाशी, बागेश्वर, नैनीताल, हल्द्वानी सहित सभी जिलों में झटके महसूस हुए। राहत की बात है कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।