विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का शुभारंभ, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई आलेख्य मतदाता सूची
01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने हेतु फॉर्म-6 भरें जिलाधिकारी /जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल

बागपत 17 नवंबर 2026 — भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दिनांक 17 नवंबर 2026 से 16 दिसंबर 2026 तक विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कार्यालय में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल ने अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर तैयार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई। कांग्रेस पार्टी से श्री अशोक कुमार ने प्राप्त की।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव, आयुष विभाग, उत्तर प्रदेश शासन एवं जनपद के नोडल अधिकारी रंजन कुमार, जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल, पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह, अपर जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में मतदाता पंजीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके लिए चार विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इनमें 21 एवं 22 नवंबर 2026 तथा 28 एवं 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन विशेष अभियान दिवसों में बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, संशोधन कराने एवं अन्य संबंधित आवेदन प्राप्त करेंगे।
जिलाधिकारी ने जनपद के नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें तथा यदि उनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है तो निर्धारित प्रारूप में आवेदन करें।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं संशोधन के लिए निम्नलिखित प्रारूपों का प्रयोग करें—
सुभाष चंद कश्यप · पूर्व सैनिक, समाजसेवी व संपादक · ✊ 14 जन आंदोलनजीवन यात्रा देखें →
- फॉर्म-6: ऐसे पात्र नागरिक जिनकी आयु 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो रही है तथा जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है, वे अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 में आवेदन कर सकते हैं।
- फॉर्म-7: मतदाता सूची में दर्ज मृतक, डुप्लीकेट एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
- फॉर्म-8: मतदाता सूची में नाम, आयु, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन कराने तथा एक ही विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत एक मतदेय स्थल से दूसरे मतदेय स्थल पर नाम स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 में आवेदन किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए सभी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराएं और निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाएं। विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले युवा निर्धारित समयावधि में अपना पंजीकरण अवश्य कराएं।
नागरिक घर बैठे ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
मतदाता पंजीकरण, नाम सम्मिलित कराने, संशोधन एवं अन्य निर्वाचन संबंधी सेवाओं के लिए भारत निर्वाचन आयोग के नागरिक सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
इस अवसर पर बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष विक्रम भाटी, भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री सुंदर धामा, समाजवादी पार्टी से बिल्लू प्रधान सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना विभाग, बागपत।
