बागपत में मेगा विधिक सहायता शिविर में 407 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, 28 विभागों ने लगाए स्टॉल
बागपत दिनांक 01 नवंबर 2026 — राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के तत्वावधान और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों पर रविवार को जनपद न्यायालय परिसर में मेगा वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बागपत की ओर से आयोजित शिविर की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष इन्दर प्रीत सिंह जोशी ने की। शिविर में 407 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। वहीं, आमजन को योजनाओं और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। शिविर का आयोजन जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में प्रवेश द्वार संख्या-02 के समीप किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाओं, बच्चों, श्रमिकों तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। इसके लिए शिविर से पहले ही पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन और पंजीकरण कराया गया था।
मेगा शिविर में सरकार के विभिन्न विभागों और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से कुल 28 स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं और विधिक सहायता से संबंधित जानकारी दी गई। कुछ स्वयं सहायता समूहों ने भी अपने स्टॉल लगाकर अपने उत्पादों और कला की प्रदर्शनी लगाई। शिविर में लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया गया।
दिव्यांगजनों को बैसाखी और सुनने के उपकरण, महिलाओं को सिलाई मशीन
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अंकिता सिंह-II ने बताया कि शिविर में कुल 407 लाभार्थियों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इसमें दिव्यांगजनों को बैसाखी और सुनने के उपकरण वितरित किए गए। वहीं, महिलाओं को सिलाई मशीन और दर्जी टूलकिट प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, शादी अनुदान, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत अनुदान सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया। कृषि विभाग की ओर से भी लाभार्थियों को ड्रोन प्रदान किए गए।
मेगा शिविर के प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए पहले भी तहसील स्तर पर लघु शिविर आयोजित किए गए थे। तहसील बागपत में 14 अक्टूबर, खेकड़ा में 15 अक्टूबर और बड़ौत में 16 अक्टूबर 2026 को शिविर लगाए गए। इन शिविरों में बड़ी संख्या में आमजन ने पहुंचकर शासन की विभिन्न योजनाओं और विधिक सहायता के लिए पंजीकरण कराया था। इसके बाद पात्र लाभार्थियों को मेगा शिविर से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की गई।
कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष इन्दर प्रीत सिंह जोशी, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण बागपत प्रदीप कुमार-V, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विष्णु प्रसाद अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अंकिता सिंह-II उपस्थित रहीं। इनके अलावा जनपद न्यायालय बागपत के समस्त न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी और जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष तोमर भी मौजूद रहे।
सूचना विभाग बागपत