बागपत के 490 बच्चों को यूपी सरकार से मिलेगी आवासीय शिक्षा की सौगात, चांदनहेड़ी में 44.57 करोड़ से बन रहा का जय प्रकाश नारायण सर्वोदय आश्रम पद्धति विद्यालय
डीएम दिव्यांशु पटेल और एसपी पूर्णेंदु सिंह ने किया निर्माणाधीन विद्यालय का निरीक्षण, 50 प्रतिशत काम पूरा; गुणवत्ता के साथ जल्द निर्माण पूरा करने के निर्देश
बागपत दिनांक 23 नवंबर 2026 — जनपद के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को अच्छी शिक्षा के लिए अब दूसरे जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा। जिले में ही उन्हें आवासीय विद्यालय की सुविधा देने की तैयारी है। ख्वाजगीरपुर उर्फ चांदनहेड़ी में 44.57 करोड़ रुपये की लागत से जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय बनाया जा रहा है। विद्यालय में 490 विद्यार्थियों के पढ़ने और रहने की व्यवस्था होगी। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप बन रहे इस विद्यालय का निर्माण पूरा होने पर जिले के पात्र बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा।
सुभाष चंद कश्यप · पूर्व सैनिक, समाजसेवी व संपादक · ✊ 14 जन आंदोलनजीवन यात्रा देखें →
जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह के साथ निर्माणाधीन विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति देखी और कार्यदायी संस्था यूपी सिडको के अधिकारियों से जानकारी ली। अब तक करीब 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। डीएम ने शेष निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए और कहा कि निर्माण में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों का संचालन प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग की ओर से किया जाता है। इन विद्यालयों में पात्र विद्यार्थियों को कक्षा छह से 12 तक निःशुल्क शिक्षा के साथ रहने और खाने की सुविधा भी दी जाती है। विद्यार्थियों को किताबें, यूनिफॉर्म और स्टेशनरी जैसी जरूरी सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है। इससे उन परिवारों को राहत मिलेगी, जो आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने में परेशानी महसूस करते हैं। आज के समय में बच्चों को पढ़ाई के साथ कंप्यूटर, विज्ञान, खेल और अन्य गतिविधियों से जोड़ना भी जरूरी है जिसके लिए सर्वोदय विद्यालयों की योजना में स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर और विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय तथा खेलकूद जैसी सुविधाओं पर जोर दिया गया है। उच्च कक्षाओं के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद भी मिलती है। चांदनहेड़ी में आश्रम पद्धति के इस विद्यालय में सुविधाएं स्वीकृत परियोजना के अनुसार विकसित की जाएंगी। आश्रम पद्धति विद्यालय सामान्य स्कूलों से अलग आवासीय शिक्षा व्यवस्था पर आधारित होते हैं। यहां विद्यार्थी विद्यालय परिसर में ही रहकर पढ़ाई करते हैं। उनकी शिक्षा के साथ छात्रावास, भोजन, पुस्तकें, यूनिफॉर्म और खेलकूद जैसी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था भी सरकार की ओर से की जाती है। इस व्यवस्था में बच्चों की पढ़ाई के साथ उनके अनुशासन, दिनचर्या और सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान दिया जाता है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को ऐसा शैक्षणिक वातावरण देना है, जहां उन्हें पढ़ाई के लिए जरूरी सुविधाओं की कमी न हो।
विद्यालय का निर्माण यूपी सिडको की ओर से कराया जा रहा है। परियोजना को जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित था लेकिन निर्माण कार्य अभी लगभग 50 प्रतिशत ही पूरा हो पाया है। ऐसे में परियोजना की समयसीमा बढ़ाने की प्रक्रिया की जा रही है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यदायी संस्था को शेष काम की गति बढ़ाने और नई समयसीमा के अनुसार निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर परिसर मिल सके। वहीं यह विद्यालय बनने से बागपत के ऐसे परिवारों को विशेष लाभ मिलेगा जिनके बच्चों की पढ़ाई के लिए आवास और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था करना कठिन होता है। आवासीय विद्यालय में पढ़ाई के साथ रहने और भोजन की सुविधा मिलने से विद्यार्थियों को एक ही परिसर में शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। गांवों के बच्चों को भी आगे बढ़ने के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में यह जिले की महत्वपूर्ण परियोजना है।
सूचना विभाग बागपत
