बंदरों के बढ़ते प्रकोप से मिलेगी राहत, जनपद में चलाया जाएगा बंदर पकड़ने का अभियान
शहरी क्षेत्र में अधिशासी अधिकारी और ग्रामीण क्षेत्र में खंड विकास अधिकारी को दें सूचना, आबादी से दूर वन क्षेत्र में छोड़े जाएंगे पकड़े गए बंदर
बागपत, 29 अक्टूबर 2026—- जनपद में बंदरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बंदरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने तथा आमजन को राहत दिलाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रभागीय वन अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि बंदरों के प्रकोप से परेशान नागरिक अपने क्षेत्र के संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर बंदरों को पकड़वाने की व्यवस्था करा सकते हैं। शहरी क्षेत्रों में संबंधित अधिशासी अधिकारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित खंड विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, डीएफओ एवं रेंजर को सूचना दी जा सकती है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बंदर पकड़ने के लिए एजेंसी का टेंडर शीघ्र कराया जाए, ताकि अभियान प्रभावी ढंग से संचालित हो सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिस क्षेत्र से बंदरों के प्रकोप की सूचना प्राप्त हो, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वन विभाग के अनुसार, पकड़े गए बंदरों को आबादी क्षेत्र से दूर वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा, जिससे आमजन को बंदरों के प्रकोप से राहत मिल सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह, एडीएम न्यायिक देवेंद्र कुमार पांडेय, प्रभागीय वन अधिकारी विनोद कुमार, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडे परियोजना निदेशक राहुल वर्मा ,समस्त एसडीएम ,समस्त अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना विभाग, बागपत