समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और बाहुबलियों के मुद्दे पर राज्य की योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। एचटी लीडरशिप समिट (HT Leadership Summit) में बोलते हुए अखिलेश ने यूपी के बाहुबली नेता रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया (Raja Bhaiya) को ‘सबसे बड़ा माफिया’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी के टॉप माफियाओं के नाम कोई नहीं पढ़ता और न ही उन पर कोई चर्चा करता है।
अखिलेश यादव ने इलाहाबाद हाईकोर्ट (Allahabad High Court) के उस हालिया आदेश का जिक्र किया, जिसमें कोर्ट ने आपराधिक पृष्ठभूमि वाले 19 दबंगों को जारी किए गए शस्त्र लाइसेंस और उनकी सुरक्षा पर राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। अखिलेश ने मंच से इन बाहुबलियों के नाम गिनाते हुए कहा, “कोर्ट रघुराज प्रताप सिंह, धनंजय सिंह, सुशील सिंह, विनीत सिंह, अजय मरदह, सुजीत सिंह बेलवा, उपेंद्र सिंह गुड्डू और पप्पू भौकाली जैसे लोगों की लिस्ट मांग रहा है, लेकिन इस पर कोई नहीं बोलता।” उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट 81 बार सरकार से पूछ चुके हैं कि यूपी में आखिर हो क्या रहा है।

यूपी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सपा अध्यक्ष ने एनसीआरबी (NCRB) के आंकड़ों का भी हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि 2018 के बाद से यूपी में दलितों और महिलाओं के खिलाफ सबसे ज्यादा अपराध हुए हैं और इस मामले में राज्य नंबर-1 पर है। गौरतलब है कि हाईकोर्ट में एक याचिका दायर कर आरोप लगाया गया है कि प्रदेश में बाहुबलियों को नियमों की अनदेखी कर हथियारों के लाइसेंस दिए जा रहे हैं, जिससे समाज में गन कल्चर (Gun Culture) और भय का माहौल बढ़ रहा है। कोर्ट ने सरकार से इन सभी बाहुबलियों पर दर्ज आपराधिक मुकदमों का विस्तृत ब्योरा मांगा है।
S