विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटा बागपत प्रशासन, बूथों पर सुविधाओं से लेकर सुरक्षा तक की हो रही पड़ताल
डीएम दिव्यांशु पटेल और एसपी पूर्णेंदु सिंह तीनों विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का कर रहे लगातार निरीक्षण
510 मतदान केंद्रों पर बनाए गए हैं 1,049 मतदेय स्थल, 8.48 लाख से अधिक मतदाताओं के लिए तैयारियां तेज
सुभाष चंद कश्यप · पूर्व सैनिक, समाजसेवी व संपादक · ✊ 16 जन आंदोलनजीवन यात्रा देखें →
तीनों ईआरओ और निर्वाचन अधिकारी भी जुटे, पेयजल, बिजली, शौचालय, रैंप और सुरक्षा व्यवस्था समय से पूरी कराने पर जोर
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से लेकर डिजिटल सुविधाओं तक पर फोकस, स्वीप बागपत एप से एक क्लिक पर मिल रहीं निर्वाचन संबंधी सेवाएं
बागपत दिनांक 26 नवंबर 2026 — विधानसभा चुनाव में मतदान के दिन मतदाता को अपने बूथ पर पहुंचने के बाद किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए बागपत प्रशासन ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। कहीं मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली और शौचालय की व्यवस्था देखी जा रही है तो कहीं दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप और सुरक्षित आवागमन की सुविधा परखी जा रही है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल तथा पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह तीनों विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। वहीं, तीनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ल भी अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियों को समय से पूरा कराने में जुटे हैं।
बागपत जिले में छपरौली, बड़ौत और बागपत तीन विधानसभा क्षेत्र हैं। इन तीनों क्षेत्रों में कुल 8,48,126 मतदाता पंजीकृत हैं। इनके लिए जिले में 510 मतदान केंद्रों पर 1,049 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। मतदाताओं की इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए प्रशासन का जोर प्रत्येक बूथ पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और निर्वाचन व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने पर है। इसके लिए अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर कमियों को चिह्नित करने और संबंधित विभागों से समन्वय कर उन्हें दूर कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल और पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों के भवन, परिसर, आने-जाने के रास्तों और मतदाताओं की सुविधा से जुड़े पहलुओं को देखा जा रहा है। डीएम की ओर से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है कि मतदान केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें और जहां भी किसी तरह की कमी मिले, उसे समय रहते दूर कराया जाए। वहीं, एसपी मतदान केंद्रों की सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था से जुड़े पहलुओं का जायजा ले रहे हैं, जिससे निर्वाचन के दौरान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मतदान कराया जा सके।
मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, बिजली, पर्याप्त प्रकाश और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके साथ ही दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए रैंप और सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित कराने पर जोर है। बुजुर्गों और अन्य मतदाताओं को भी मतदान के दौरान अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए परिसर की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र मतदाता आसानी से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
मतदान केंद्रों की तैयारियों को लेकर केवल जिला स्तर पर ही नहीं, बल्कि विधानसभा स्तर पर भी निगरानी की जा रही है। तीनों विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ और संबंधित निर्वाचन अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। बीएलओ और अन्य निर्वाचन कार्मिकों के साथ समन्वय बनाकर बूथ स्तर पर व्यवस्थाओं की जानकारी ली जा रही है। जिन केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता है, वहां संबंधित विभागों को आवश्यक कार्य कराने के लिए निर्देशित किया जा रहा है। प्रशासन की कोशिश है कि चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए जल्दबाजी न करनी पड़े और सभी तैयारियां पहले से पूरी रहें।
मतदाता सूची में नाम जांचने का भी चल रहा अभियान
निर्वाचन की तैयारियों में मतदान केंद्रों की व्यवस्था के साथ मतदाता सूची को सही और अपडेट रखना भी महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक विधानसभा निर्वाचन नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 संचालित किया जा रहा है। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरने की सुविधा दी गई है। वहीं, मृतक, डुप्लीकेट और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, आयु, पता और अन्य विवरणों में संशोधन कराने के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है।
इस अभियान के तहत 17 नवंबर को आलेख्य मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध कराई थी। मतदाता सूची में दावे और आपत्तियां प्राप्त करने के लिए 21-22 नवंबर तथा 28-29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए थे जिसके क्रम में 28-29 नवंबर को जनपद के मतदाता अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते है और सुधार के लिए आवश्यकतानुसार आवेदन भी कर सकते है। आगामी दोनों विशेष अभियान दिवसों पर सभी 1,049 मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित कर पात्र नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। दावे और आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 दिसंबर 2026 निर्धारित है।
एक क्यूआर कोड से जुड़ी निर्वाचन संबंधी सेवाएं
मतदाताओं को जरूरी जानकारी और सुविधाएं आसानी से उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने स्वीप बागपत एप भी शुरू किया है। जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल की ओर से शुरू किए गए इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से मतदाता सूची में नाम खोजने, बीएलओ से संपर्क करने और निर्वाचन संबंधी अन्य सेवाओं तक पहुंचने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन करके या linktr.ee/SveepBaghpat लिंक खोलकर इस प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जा सकता है। इसके लिए अलग से मोबाइल एप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है।
इस प्लेटफॉर्म पर मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950, भारत निर्वाचन आयोग का नागरिक सेवा पोर्टल, मतदाता हेल्पलाइन एप जैसी सेवाओं के लिंक भी उपलब्ध हैं। प्लेटफॉर्म की नियमित समीक्षा और ट्रैकिंग हो रही है ताकि निर्वाचन संबंधी नई जानकारियां और अपडेट समय-समय पर उपलब्ध कराए जा सकें।
ईवीएम और वीवीपैट की भी दी जा रही जानकारी
मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया समझाने के लिए जिले में ईवीएम और वीवीपैट प्रदर्शन की व्यवस्था भी की गई है। बागपत कलेक्ट्रेट सहित विधानसभा क्षेत्रों के तहसील मुख्यालयों और अन्य प्रमुख स्थानों पर स्थापित ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को मशीनों की कार्यप्रणाली बताई जा रही है। डमी वोटिंग के जरिए मतदाता यह समझ सकते हैं कि ईवीएम पर वोट कैसे दर्ज होता है और वीवीपैट के माध्यम से इसकी पुष्टि किस तरह की जाती है। इसका उद्देश्य मतदान से पहले नागरिकों को पूरी प्रक्रिया की जानकारी देना और उनकी शंकाओं का समाधान करना है।
स्वीप अभियान के तहत डिजिटल सेल्फी से जुड़े 6000 मतदाता
मुख्य विकास अधिकारी एवं स्वीप नोडल अधिकारी अनिल कुमार सिंह के निर्देशन में मतदाता जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। सोशल मीडिया पर डिजिटल सेल्फी अभियान के माध्यम से नागरिकों को अपनी और परिवार के पात्र सदस्यों की मतदाता सूची में नाम की स्थिति जांचने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। स्कूल-कॉलेजों के मतदाता साक्षरता क्लबों और युवाओं के माध्यम से भी मतदाता जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है। स्वीप यूथ आइकॉन अमन कुमार सहित युवाओं को भी इस अभियान से जोड़ा गया है, ताकि पहली बार मतदान करने वाले युवा अपना पंजीकरण कराने के साथ अन्य पात्र लोगों को भी जागरूक कर सकें। 6000 मतदाता इस डिजिटल सेल्फी अभियान से जुड़कर लाखों मतदाताओं को जागरूक कर चुके है।
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन का प्रयास है कि मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, मतदाता सूची के पुनरीक्षण, सुरक्षा इंतजामों और मतदाता जागरूकता से जुड़े सभी कार्य समय से पूरे कर लिए जाएं। जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल और पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह के निरीक्षण के साथ तीनों विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ तथा अन्य निर्वाचन अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का जोर है कि जिले के सभी 510 मतदान केंद्रों के 1,049 मतदेय स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें और 8.48 लाख से अधिक मतदाताओं को मतदान के समय सुगम एवं सुरक्षित माहौल मिल सके।
सूचना विभाग, बागपत।

