आपदा से निपटना हर नागरिक की ज़िम्मेदारी — मॉक ड्रिल से बढ़ेगी जागरूकता
ब्लैकआउट मॉक ड्रिल से युवाओं को मिलेगी आपदा प्रबंधन की सीख, प्रशासन होगा मजबूत
ब्लैक आउट मॉक ड्रिल से प्रशासन परखेगा अपनी आपदा प्रबंधन क्षमता, जनपद में तैयारियां पूर्ण
सुभाष चंद कश्यप · पूर्व सैनिक, समाजसेवी व संपादक · ✊ 14 जन आंदोलनजीवन यात्रा देखें →
जनपद बागपत में 22 नवंबर से 6.00 बजे आयोजित की जाएगी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल
बागपत 20 नवंबर 2026 — जनपद बागपत में आपदा प्रबंधन की तैयारी और समन्वय की स्थिति को परखने के उद्देश्य से दिनांक 22 नवंबर को शाम 6.00 बजे से ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है। यह मॉक ड्रिल विकास भवन में आयोजित होगी जहां एक सिमुलेटेड हवाई हमले से बचाव की स्थिति को दर्शाया जाएगा।
जिकाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सम्पूर्ण तैयारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं डिप्टी कलेक्टर बाल कृष्ण सिंह ने प्रस्तुति के माध्यम से आपदा के विभिन्न पहलुओं एवं तैयारी आदि के संबंध में जानकारी दी।
इस मॉक ड्रिल के माध्यम से प्रशासनिक तंत्र, सुरक्षा बलों, स्वयंसेवकों एवं नागरिकों को यह संदेश दिया जा रहा है कि किसी भी संकट की घड़ी में सजगता, समन्वय और पराक्रम के साथ कार्य करना ही राष्ट्रीय दायित्व है। मॉकड्रिल के दौरान एक तेज आवाज में सायरन बजेगा जिसका उद्देश्य प्रभावित क्षेत्र के नागरिकों को सतर्क करना है कि वे तत्काल सभी प्रकार के विद्युत स्रोत—जैसे घर की लाइट, इनवर्टर, जनरेटर, और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को बंद कर दें, जिससे कि पूर्ण अंधकार सुनिश्चित हो सके और शत्रु के हवाई हमले की स्थिति में पहचान न की जा सके। सायरन सुनकर आमजन को सड़क पर चलते समय अपने वाहन को तुरंत किनारे लगाकर बंद कर देना चाहिए तथा घर में रहते हुए सभी प्रकार की रोशनी बंद रखनी चाहिए।
ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का उद्देश्य जनपद में आपदा प्रबंधन के विभिन्न घटकों के बीच समन्वय की समीक्षा करना है। यह ड्रिल एक नियोजित आपातकालीन अभ्यास है जिसमें नागरिक सुरक्षा, पावर कारपोरेशन, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीएमए, पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन, जनपद स्तरीय अधिकारियों, आपदा प्रबंधन इकाइयाँ, उड़ान यूथ क्लब, सिविल डिफेंस, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, पुलिस विभाग एवं अन्य एजेंसियाँ सक्रिय रूप से सम्मिलित होंगी। इस मॉक ड्रिल में विभिन्न युवा स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रहेगी, ताकि युवाओं को आपदा मित्र के रूप में जानकारी देकर भविष्य में किसी भी आपात स्थिति हेतु तैयार किया जा सके।
इस अभ्यास (ड्रिल) के दौरान सायरन संकेतों का प्रयोग किया जाएगा, जिनका उद्देश्य नागरिकों को संभावित खतरे की जानकारी देना और आवश्यक सावधानियों का पालन कराना है। एयर रेड चेतावनी सायरन बजते ही नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और विद्युत/प्रकाश स्रोतों को बंद करने जैसे निर्देशों का अभ्यास कराया जाएगा। इसके पश्चात ऑल-क्लियर सायरन के संकेत पर यह दर्शाया जाएगा कि अभ्यासात्मक स्थिति समाप्त हो गई है और सामान्य गतिविधियाँ पुनः प्रारंभ की जा सकती हैं।
खोज एवं बचाव अभियानों का संचालन विकास भवन परिसर में किया जाएगा, जहाँ से रेस्क्यू किए गए लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा जाएगा। प्रशासन ने मॉक ड्रिल के आयोजन स्थल के चयन, समस्त संबंधित विभागों के समन्वय से कार्ययोजना तैयार करने, स्वयंसेवकों के चयन एवं निर्धारित समय पर मॉक ड्रिल प्रारम्भ करने को लेकर तैयारियां की है एवं सभी संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए है।
मॉक ड्रिल में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा आग बुझाने, घायलों को प्राथमिक चिकित्सा देने, गंभीर रूप से घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाने एवं ध्वस्त भवनों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं अग्निशमन विभाग द्वारा बड़ी आग पर नियंत्रण तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा आपात चिकित्सा सेवाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। उक्त ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन जिलाधिकारी/नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा के निर्देशन में कराया जाएगा।
ब्लैकआउट मॉक ड्रिल क्या होती है और इसका उद्देश्य क्या है?: ब्लैकआउट मॉक ड्रिल एक ऐसा अभ्यास होता है जिसका उद्देश्य नागरिकों और प्रशासन दोनों की आपातकालीन परिस्थितियों, विशेष रूप से हवाई हमलों जैसी स्थितियों के लिए तैयारियों को परखना और सुधारना होता है। इस ड्रिल के दौरान बिजली की आपूर्ति को कुछ समय के लिए रोका जाता है ताकि वास्तविक हमले की स्थिति में नागरिकों को किस प्रकार से प्रतिक्रिया देनी है, इसका अभ्यास किया जा सके। यह अभ्यास यह सुनिश्चित करता है कि संपूर्ण जनपद के लोग, प्रशासनिक इकाइयाँ, आपदा प्रबंधन टीम, पुलिस, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य विभाग मिलकर त्वरित, सुरक्षित और समन्वित कार्य कर सकें। मॉक ड्रिल के उपरांत संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्राप्त अनुभवों के आधार पर आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक सुधारात्मक कदम तय किए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ,डिप्टी कलेक्टर /उपनियंत्रक बालकृष्ण सिंह, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडे सहित आदि उपस्थित है।
सूचना विभाग, बागपत
