बागपत में युवा बन रहे लोकतंत्र के प्रहरी, स्कूलों की प्रार्थना सभा से घरों तक पहुंच रहा मतदाता जागरूकता का संदेश
प्रार्थना सभा में गूंज रहा सवाल—क्या आपने लोकतंत्र के प्रति अपना कर्तव्य निभाया?
स्वीप अभियान के तहत मतदाता साक्षरता क्लबों ने संभाली कमान, शिक्षक तलाश रहे पहली बार वोटर बनने वाले युवा
सुभाष चंद कश्यप · पूर्व सैनिक, समाजसेवी व संपादक · ✊ 14 जन आंदोलनजीवन यात्रा देखें →
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान: विद्यार्थियों से अभिभावकों तक पहुंच रही मतदाता सूची जांचने की अपील
बागपत। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल के निर्देशन में स्वीप अभियान आगे बढ़ रहा है। बागपत में अब युवा लोकतंत्र के प्रहरी बनकर मतदाता जागरूकता की कमान संभाल रहे हैं। माध्यमिक विद्यालयों में प्रार्थना सभा से लेकर क्लासरूम तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 और स्वीप अभियान की गतिविधियां संचालित हो रही हैं। मतदाता साक्षरता क्लबों के माध्यम से युवा न केवल अपने साथियों को वोट बनवाने के प्रति जागरूक कर रहे हैं बल्कि परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदाता सूची में नाम जांचने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। खास बात यह है कि शिक्षक विद्यालयों में ऐसे विद्यार्थियों की पहचान भी कर रहे हैं, जो एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर पहली बार मतदाता बन सकते हैं।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में प्रतिदिन प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों से सवाल पूछा जा रहा है कि क्या आपने लोकतंत्र के प्रति अपना कर्तव्य निभाया? इसके साथ मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई जा रही है और विद्यार्थियों को अपने घर, गली-मोहल्ले में भी लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। विद्यालयों में गठित ईएलसी के सदस्य पोस्टर, जागरूकता संदेश, सामूहिक गतिविधियों और रैलियों के जरिए मतदाता पंजीकरण तथा मतदान के महत्व की जानकारी दे रहे हैं। अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को चिह्नित करना है। शिक्षक विद्यार्थियों की जन्मतिथि के आधार पर ऐसे युवाओं की पहचान कर रहे हैं, जो एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे। एक जनवरी 2009 या उससे पहले जन्मे पात्र युवा फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। विद्यालय स्तर पर इन विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है, ताकि पात्रता पूरी करने वाला कोई युवा पंजीकरण से वंचित न रह जाए।
विद्यालयों में चल रही गतिविधियों का सीधा असर अभिभावकों तक पहुंच रहा है। विद्यार्थी घर जाकर परिवार के सदस्यों को मतदाता सूची में नाम जांचने की याद दिला रहे हैं। उन्हें बताया जा रहा है कि मतदाता पहचान पत्र होने के बावजूद सूची में नाम की पुष्टि करना जरूरी है। परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम दर्ज हैं या नहीं, इसकी जांच के लिए 21-22 नवंबर और 28-29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची देखने और नाम छूटने की स्थिति में आवेदन करने का संदेश सीधे अभिभावकों तक पहुँच रहा है।
माध्यमिक शिक्षा समन्वयक एवं शिक्षाविद डॉ. सत्यवीर सिंह ने बताया कि मतदाता साक्षरता क्लबों से जुड़कर युवा लोकतंत्र के प्रहरी की भूमिका निभा रहे हैं। विद्यालयों में नियमित गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण, निर्वाचन प्रक्रिया और ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है। विद्यार्थी इस जानकारी को अपने अभिभावकों और आसपास के लोगों तक पहुंचा रहे हैं। विशेष रूप से नागरिक सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in के बारे में भी जानकारी दी जा रही है ताकि सभी नागरिक डिजिटल रूप से भी अपने कर्तव्य को निभा सके।
वहीं मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के कार्यों की निगरानी की जा रही है। 17 नवंबर को आलेख्य मतदाता सूची प्रकाशित हो चुकी है। ईआरओ, एईआरओ, सुपरवाइजर और बीएलओ के स्तर पर पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की जा रही है। बीएलओ को क्षेत्र के मतदाताओं की जानकारी, आवेदनों की जांच तथा नाम, पता और फोटो संबंधी विवरणों की शुद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को कार्यों का स्वयं निरीक्षण और सत्यापन करने पर भी जोर दिया गया है। मतदाता अपना नाम भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल electoralsearch.eci.gov.in और ECINET ऐप पर जांच सकते हैं। वहीं नागरिक सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in पर नाम खोजने, नए मतदाता के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरने, आवेदन की स्थिति देखने, ई-ईपीआईसी डाउनलोड करने और मतदाता सूची प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध है। बीएलओ से संपर्क के लिए फीचर और निर्वाचन संबंधी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 भी उपलब्ध है।
स्वीप नोडल एवं मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा पहली बार मतदाता बन सकते हैं। एक जनवरी 2009 या उससे पहले जन्मे ऐसे युवा, जिनका नाम अभी तक वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। उन्होंने बताया कि केवल नए मतदाताओं को ही नहीं, बल्कि पहले से वोटर कार्ड रखने वाले लोगों को भी अपनी और परिवार के सभी सदस्यों के नाम वोटर लिस्ट में जांचने चाहिए। इसके लिए 17 नवंबर को मतदाता सूची का प्रारूप जारी हो चुका है। 21 और 22 नवंबर तथा 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन चार दिनों में नागरिक अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर जाकर बीएलओ से मिल सकते हैं और अपना व परिवार के सदस्यों का नाम वोटर लिस्ट में जांच सकते हैं। नाम छूटने पर उसे जुड़वाने और विवरण में गलती होने पर सुधार कराने के लिए भी सहायता ले सकते हैं। नाम जुड़वाने और अन्य जरूरी सुधार के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 16 दिसंबर 2026 है। ऐसे में नागरिक अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते यह सुनिश्चित कर लें कि परिवार का कोई भी पात्र सदस्य वोटर लिस्ट में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
जिले की तीन विधानसभा क्षेत्रों—छपरौली, बड़ौत और बागपत—में 8,48,126 मतदाता पंजीकृत हैं। इनके लिए 510 मतदान केंद्रों पर 1,049 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। ऐसे में विद्यालयों के मतदाता साक्षरता क्लबों से लेकर गांवों और शहरी वार्डों तक चल रही जागरूकता गतिविधियां प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची से जोड़ने के अभियान का हिस्सा हैं।
